‘…तो मुंबई जल जाती है’ – खत्म हो रही शिवसेना, रोते हुए धमकी दे रहे कॉन्ग्रेसी मंत्री: मुंबई पुलिस हाई अलर्ट

महाराष्ट्र (Maharashtra) में राजनीतिक उठा-पटक के बीच अब संकट पुलिस के सामने भी है। राज्य भर में राजनीतिक हिंसा भड़क सकती है। शनिवार (25 जून 2022) को महाराष्ट्र में शिवसेना के कार्यकर्ताओं के सड़क पर उतरने और गुंडई करने की खबरों को ध्यान में रखते हुए पुलिस हाई अलर्ट पर है। खास तौर पर मुंबई पुलिस। मंत्री नितिन राउत (Nitin Raut) ने इसकी वजह भी स्पष्ट कर दी है।

उद्धव ठाकरे सरकार से बगावत कर एकनाथ शिंदे (Eknath Shinde) के साथ जा मिले शिवसेना के विधायकों के खिलाफ हिंसा हो सकती है। महाराष्ट्र के ही एक मंत्री की बातों से पुलिस-प्रशासन को हाई अलर्ट मोड में जाने का अंदाजा आप लगा सकते हैं।

महाराष्ट्र के बिजली मंत्री और कॉन्ग्रेस नेता नितिन राउत ने मुंबई पुलिस को हाई अलर्ट पर रखने की वजह का जिक्र किया। एक तरह से चेतावनी भरे लहजे में उन्होंने कहा, “महाराष्ट्र में अगर शिवसेना को कुछ होता है तो मुंबई जल जाती है।” मुंबई में अलर्ट पर राउत ने कहा कि ऐसा इसलिए किया जा रहा है ताकि शिवसैनिकों की हिंसा का बहाना बनाकर केंद्र सरकार राज्य में राष्ट्रपति शासन न लगा पाए।

कॉन्ग्रेस नेता नितिन राउत के मुताबिक, उद्धव गुट के समर्थक शिवसैनिकों को हिंसा करने से नहीं रोका गया तो केंद्र को सही मौका मिल जाएगा। मंत्री राउत का मानना है कि इससे पहले इस तरह का विद्रोह शिवसेना ने नहीं देखा है। इसलिए इस घटना को न तो कोई शिवसैनिक हल्के में लेगा और न ही इसे पचा सकेगा। इनके अनुसार लोग किसी भी रूप में अपना गुस्सा जाहिर कर सकते हैं।

संजय राउत की धमकी, एकनाथ शिंदे गुट के MLA ऑफिस में तोड़फोड़

शुक्रवार को उनकी इस धमकी का असर भी दिखा। बागी विधायक मंगेश कुडालकर के कुर्ला स्थित ऑफिस में शिवसैनिकों ने तोड़-फोड़ की थी। यहीं नहीं अहमदनगर और नाशिक में भी एकनाथ शिंदे के पोस्टर पर कालिख पोत दी गई थी।