‘समलैंगिक विवाह, आदिवासी राष्ट्रपति, सफाईकर्मी’: इंडिया टुडे के GM ने द्रौपदी मुर्मू का किया अपमान, अकाउंट डिएक्टिवेट- कंपनी से बर्खास्त

नई दिल्ली। इंडिया टुडे मीडिया ग्रुप के महाप्रबंधक ने निर्वाचित राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू (Draupadi Murmu) के बारे में फेसबुक पर आपत्तिजनक पोस्ट की है। यह विवादित पोस्ट इंद्रनील चटर्जी ने की है, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो गई है। इंद्रनील चटर्जी के लिंक्डइन प्रोफाइल में लिखा गया है कि वह इंडिया टुडे ग्रुप में उप महाप्रबंधक (Deputy General Manager) हैं। बता दें कि आज इंडिया टुडे ग्रुप ने इंद्रनील की टिप्पणियों पपर खेद जताते हुए उन्हें बर्खास्त कर दिया।

पोस्ट में इंद्रनील ने लिखा, “जिस तरह मैं समलैंगिक विवाह का समर्थन नहीं करता, उसी तरह मैं एक आदिवासी राष्ट्रपति का समर्थन नहीं करता।” उन्होंने निर्वाचित राष्ट्रपति का अपमान करते हुए लिखा, “कुछ कुर्सियाँ सभी के लिए नहीं होती हैं। इससे एक सम्मान जुड़ा होता है। क्या हम एक सफाईकर्मी को दुर्गा पूजा करने की अनुमति देते हैं? क्या मदरसे में कोई हिंदू पढ़ा सकता है? यह कुछ और नहीं बल्कि रबड़ स्टाम्प संवैधानिक प्रमुख बनाने का सत्ताधारी दल का बेहद घटिया सामाजिक-राजनीतिक हथकंडा है, ताकि विपक्षी दलों को ठेंगा दिखाकर कानून आसानी से पारित किया जा सके।”

द्रनील चटर्जी का फेसबुक पोस्ट।

भारत के राष्ट्रपति पद का जिक्र करते हुए इंद्रनील ने आगे लिखा, “आज हमने रायसीना हिल्स की उस कुर्सी को ही नहीं बल्कि एपीजे अब्दुल कलाम, प्रणब मुखर्जी, एस राधाकृष्णन, जाकिर हुसैन, डॉ. शंकर दयाल शर्मा और राजेंद्र प्रसाद जैसे लोगों को भी अपमानित किया है।” सोशल मीडिया पर पोस्ट वायरल होने के बाद इंद्रनील ने अपना फेसबुक अकाउंट डीएक्टिवेट कर दिया है। इंद्रनील चटर्जी के लिंक्डइन प्रोफाइल के अनुसार, वह इंडिया टुडे ग्रुप में डिप्टी जनरल मैनेजर और ईस्ट के रीजनल हेड हैं।

वहीं इंडिया टुडे ग्रुप ने शुक्रवार (22 जुलाई, 2022) को कोलकाता स्थित अपने उप महाप्रबंधक इंद्रनील चटर्जी को निर्वाचित राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के खिलाफ अपमानजनक और अपमानजनक पोस्ट करने पर बर्खास्त कर दिया है।

इंडिया टुडे ग्रुप ने अपने एक सेल्स स्टाफ द्वारा किए गए अपमानजनक पोस्ट के लिए खेद व्यक्त किया है। इंडिया टुडे के ग्रुप चीफ एक्जीक्यूटिव ऑफिसर दिनेश भाटिया ने एक बयान जारी कर इंद्रनील चटर्जी के पोस्ट को आहत करने वाला और मानवीय शालीनता के बुनियादी सिद्धांतों के खिलाफ बताया।

बता दें कि द्रौपदी मुर्मू (Droupadi Murmu) देश की 15वीं राष्ट्रपति चुन ली गई हैं। वह देश की पहली आदिवासी और दूसरी महिला राष्ट्रपति होंगी। कुल 10,86,431 मतों में से राजग उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू के पास 6.67 लाख से अधिक वोट होने का अनुमान लगाया गया है। जबकि, विपक्ष के उम्मीदवार यशवंत सिन्हा को 3,80,177 वोट ही मिले हैं। उन्हें (द्रौपदी मुर्मू) सत्ताधारी गठबंधन के अलावा बीजद, वाईएसआर कॉन्ग्रेस, अकाली दल ही नहीं विपक्षी खेमे के कई दलों जैसे जेडीएस, झामुमो, शिवसेना और तेदेपा का समर्थन भी मिला है।