BJP के खिलाफ ‘वैगनर ग्रुप’! रूसी समूह से विपक्ष की तुलना कर गई उद्धव ठाकरे सेना

BJP के खिलाफ 'वैगनर ग्रुप'! रूसी समूह से विपक्ष की तुलना कर गई उद्धव ठाकरे सेनानई दिल्ली। महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे विपक्ष की तुलना रूस में बागी हुए ‘वैगनर ग्रुप’ से कर रहे हैं। साथ ही मुखपत्र ‘सामना’ में प्रकाशित संपादकीय में कहा गया कि ‘पटना में वैगनर ग्रुप’ ने संकेत दिए हैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार चली जाएगी। शुक्रवार को ही बिहार की राजधानी में करीब 15 विपक्षी दलों ने बैठक की थी और 2024 लोकसभा चुनाव साथ लड़ने की बात कही थी।

पार्टी ने पीएम मोदी सरकार पर तानाशाही के आरोप भी लगाए। लिखा गया, ‘पुतिन की तरह ही मोदी-शाह भी तानाशाही, सर्व सत्तावाद लाने का प्रयास कर रहे हैं। इसके लिए उन्हें तमाम राष्ट्रीय तंत्र को कब्जे में लेना है। अपने आस-पास किराए के लोगों को खड़ा कर दिया, उन किराए के लोगों ने देश की संपत्ति बेच दी। आज पुतिन के देश में क्या हो रहा है? पुतिन द्वारा अपनी सुविधा के लिए तैयार किए गए ‘वैगनर ग्रुप’ नामक सेना ने ही पुतिन के खिलाफ बगावत का एलान कर दिया।’

क्या है वैगनर ग्रुप
दरअसल, वैगनर ग्रुप रूस की एक निजी सेना है, जो राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के लिए यूक्रेन में सेना के साथ मिलकर जंग लड़ रही है। हाल ही में समूह के प्रमुख येवगेनी प्रिगोझिन ने रूस के रक्षा मंत्री और सैन्य नेतृत्व के खिलाफ सशस्त्र अभियान की शुरुआत कर दी थी। हालांकि, बाद में समूह शांत हुआ और मॉस्को के खिलाफ कार्रवाई से पीछे हट गया।

प्रिगोझिन ने आरोप लगाए थे कि यूक्रेन में वैगनर ग्रुप के सदस्यों पर रूस की सेना ने रॉकेट दाग दिया था। साथ ही उन्होंने कहा था कि रूसी सेना उन्हें पर्याप्त हथियार भी सप्लाई नहीं कर रही है। एक वायरल वीडियो में प्रिगोझिन रक्षा मंत्री और रूसी सेना के प्रमुख के खिलाफ नाराजगी जाहिर करते नजर आ रहे थे।