BJP ने लोकसभा चुनाव 2024 के लिए 72 नामों वाली दूसरी लिस्ट जारी की: गडकरी, अनुराग ठाकुर, तेजस्वी सूर्या, खट्टर सहित कई नाम; 10 महिला उम्मीदवार

मोदी सरकार अमित शाहभाजपा ने बुधवार (13 मार्च 2024) को लोकसभा चुनाव 2024 के लिए 72 नामों वाले उम्मीदवारों की अपनी दूसरी लिस्ट जारी की। इस लिस्ट में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, अनुराग सिंह ठाकुर, मनोहर लाल खट्टर, पीयूष गोयल जैसे नाम शामिल हैं। इससे पहले भाजपा ने 2 मार्च को 195 प्रत्याशियों वाली पहली सूची जारी की थी। इस तरह भाजपा ने 267 उम्मीदवारों की घोषणा कर दी।

भाजपा ने अपनी दूसरी सूची में दिल्ली की 2, हरियाणा की 6, उत्तराखंड 2, हिमाचल प्रदेश की 2, मध्य प्रदेश की 5, गुजरात की 7, कर्नाटक की 20, महाराष्ट्र की 20, तेलंगाना की 6, त्रिपुरा की 1 और दादर एवं नगर हवेली की 1 सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा की है। भाजपा ने पहली सूची में 16 राज्यों और 2 केंद्रशासित प्रदेशों के लिए उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की थी।

दूसरी सूची में दिए गए नामों के अनुसार, नितिन गडकरी नागपुर से, अनुराग सिंह ठाकुर हमीरपुर से, पीयूष गोयल मुंबई नॉर्थ से और मनोहर लाल खट्टर करनाल से चुनाव लड़ेंगे। इसके अलावा, मैसूर से राजघराने के यदुवीर कृष्णदत्त चामराज वाडियार, बेंगलुरु साउथ से तेजस्वी सूर्या, बीड से पंकजा मुंडे को मैदान में उतारा गया है।

वहीं, उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत को हरिद्वार से और भाजपा मीडिया सेल के प्रमुख अनिल बलूनी को गढ़वाल से मैदान में उतारा गया है। वहीं, दिल्ली के कुल सात सीटों में से पूर्व दिल्ली से हर्ष मल्होत्रा और उत्तर पश्चिमी दिल्ली से अनुसूचित जाति के योगेश चंदोलिया को मैदान में उतारा गया है। पाँच सीटों की पहले घोषणा हो चुकी है।

भाजपा की दूसरी लिस्ट में 10 महिलाओं को उम्मीदवार बनाया गया है। वहीं, अनुसूचित जाति के 5 और अनुसूचित जनजाति के सात उम्मीदवारों को जगह दी गई है। भाजपा की पहली सूची में 28 महिला उम्मीदवार थीं। इसके अलावा, उस सूची के एक चौथाई यानी 47 उम्मीदवारों की उम्र 50 साल से कम है। बीजेपी की सूची में एससी वर्ग के 27 उम्मीदवार हैं और एसटी वर्ग के 18 लोग शामिल थे।

बीजेपी की लिस्ट में राज्यवार देखें तो उत्तर प्रदेश से 51 उम्मीदवारों के नाम की घोषणा की गई थी। पश्चिम बंगाल से 20 उम्मीदवारों के नाम घोषित किए गए थे। इसके बाद मध्य प्रदेश से 24, गुजरात से 15, राजस्थान से 15, केरल से 12, असम के 14 में से 11, झारखंड से 11, छत्तीसगढ़ से 11, तेलंगाना से 9, दिल्ली से 5, जम्मू-कश्मीर से 2, उत्तराखंड से 3, अरुणाचल प्रदेश से 2, गोवा, त्रिपुरा, अंडमान निकोबार और दमन-दीव से एक-एक उम्मीदवार के नाम की घोषणा की गई थी।

बड़े प्रत्याशियों की बात करें वाराणसी से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, लखनऊ से राजनाथ सिंह, गुजरात के गाँधीनगर से अमित शाह, मध्य प्रदेश की विदिशा सीट से पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, दिल्ली की नॉर्थ-ईस्ट सीट से मनोज तिवारी, गोरखपुर से रवि किशन, आजमगढ़ से निरहुआ, उन्नाव से साक्षी महाराज के नाम की घोषणा की गई थी। दिल्ली की पाँच सीटों में से चार पर नई दिल्ली से बांसुरी स्वराज, पश्चिमी दिल्ली से कमलजीत सहरावत, दक्षिणी दिल्ली से रामवीर सिंह बिधूड़ी और चांदनी चौक से प्रवीण खंडेलवाल को उतारा गया है।