यूपी के मंत्री ने प्रियंका गांधी को बताया साइबेरियन पक्षी, कहा- ‘बाबर का निशान ढूंढने जा रहीं अयोध्या’

लखनऊ। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा के लगातार लोकसभा चुनाव 2019 (Lok sabha elections 2019) प्रचार पर उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री मोहसिन रजा ने विवादित टिप्पणी की है. मोहसिन रजा ने प्रियंका की तुलना साइबेरियन पक्षी से की है. प्रियंका गांधी के तय अयोध्या दौरे पर मोहसिन रजा ने कहा कि ये साइबेरियन पक्षी हैं. पिकनिक मनाना इनका काम है. इन्हें बाबर की याद आ गई होगी, इसलिए अयोध्या जाने वाले हैं.

मोहसिन ने कहा कि अयोध्या भगवान श्रीराम की जन्मभूमि है. श्रीराम के अस्तित्व पर सवाल उठाने वाले अयोध्या में क्या तलाशने जा रहे हैं. लगता है प्रियंका अयोध्या में शायद बाबर के बचे हुए निशान ढूंढने जा रही हैं.

दिल्ली से फैजाबाद तक ट्रेन से जाएंगी प्रियंका
कांग्रेस महासचिव और पूर्वी उत्तर प्रदेश की प्रभारी प्रियंका गांधी चुनाव में मतदाताओं से संपर्क के लिये प्रयागराज से वाराणसी के बीच नौका यात्रा के बाद अब 27 मार्च को दिल्ली से फैजाबाद के बीच रेल यात्रा करेंगी. प्रियंका गांधी अयोध्या में रोड शो करेंगी. हालांकि अभी तक यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि वह पवित्र शहर के किसी धार्मिक स्थल पर जाएंगी या नहीं.

उन्होंने कहा कि रोड शो में 32 पड़ाव होंगे. प्रियंका स्थानीय लोगों से मिलेंगी और फैजाबाद में दो जनसभाओं को भी संबोधित करेंगी. वह एक स्थानीय स्कूल में बच्चों से भी मिलेंगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *