प्रज्ञा ठाकुर को टिकट देने पर उमर अब्दुल्ला ने साधा भाजपा पर निशाना, कहा- बेल रद्द कर जेल में डालो

नई दिल्ली। नेशनल कॉन्‍फ्रेंस के नेता उमर अब्दुल्ला ने भाजपा द्वारा साध्वी प्रज्ञा ठाकुर को टिकट देने पर सवाल उठाया है। उमर अब्दुल्ला ने कहा कि प्रज्ञा ठाकुर आतंकवाद की आरोपी हैं, जो फिलहाल बेल पर रिहा हैं। उन्होंने कहा कि अदालत को तुरंत प्रज्ञा ठाकुर की जमानत रद्द करना चाहिए।

उन्होंने श्रीनगर में वोट करने के बाद यह कहा कि अगर उनकी सेहत ठीक हो गई है तो अब उनको फिर से जेल में डाल देना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि भोपाल से भाजपा ने प्रज्ञा ठाकुर को उम्मीदवार बनाया है और इससे ज्यादा दुर्भाग्यपूर्ण कुछ नहीं हो सकता। आज जम्मू कश्मीर की दो लोकसभा सीटों के लिए वोटिंग हो रही है।

दरअसल, मालेगांव धमाका मामले में आरोपी साध्वी प्रज्ञा ठाकुर को भाजपा ने बुधवार को मध्य प्रदेश की भोपाल संसदीय सीट से टिकट देने का ऐलान किया जहां उनका सीधा मुकाबला कांग्रेस के दिग्गज नेता और राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह से होगा।

इन दिनों जमानत पर चल रहीं ठाकुर इस ऐलान से चंद घंटे पहले ही भाजपा में शामिल हुई थीं। उनको टिकट देना इस बात की ओर इशारा करता है कि भगवा दल का यही प्रयास है कि हिंदुत्व को ही केंद्रीय मुद्दा बनाए रखा जाए। यह सीट कई चुनावों से भाजपा के पास ही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *