मुंबई पुलिस ने पोर्नोग्राफी मामले में गिरफ्तारी से बचाने के लिए माँगे थे ₹15 लाख: गहना वशिष्ठ का दावा

इस साल की शुरुआत में पोर्नोग्राफी के मामले में गिरफ्तार हुईं अभिनेत्री गहना वशिष्ठ ने दावा किया है कि उन्हें गिरफ्तार करने आई मुंबई पुलिस की टीम ने गिरफ्तारी से बचने के लिए उनसे 15 लाख रुपए की रिश्वत की माँग की थी। गहना वशिष्ठ को फरवरी 2021 में गिरफ्तार किया गया था और उन्हें करीब चार महीने की जेल हुई थी।

गहना वशिष्ठ ने कहा कि पुलिस ने उनसे 15 लाख रुपए देने की माँग की। गहना ने आरोप लगाया “वे मुझे रिहा करने के लिए 15 लाख रुपए लेना चाहते थे। उन्होंने मुझसे पैसे देने को कहा। लेकिन जब मैंने कहा कि मैं गलत नहीं हूँ तो उन्होंने कहा कि हम किसी के भी खिलाफ मामला बना सकते हैं।”

अभिनेत्री ने मामले के दो आरोपितों के बीच एक व्हाट्सएप चैट का भी हवाला दिया, जिनकी पहचान यश ठाकुर उर्फ अरविंद कुमार श्रीवास्तव और तनवीर हाशमी के रूप में हुई है। गहना वशिष्ठ ने कहा कि चैट से पता चलता है कि दोनों 8 लाख रुपए की व्यवस्था कर रहे हैं। गहना वशिष्ठ ने कहा, “ऐसा इसलिए क्योंकि पुलिस ने पैसे की माँग की थी।”

मुंबई क्राइम ब्रांच द्वारा अपने खिलाफ पोर्नोग्राफी मामले में एक नई FIR दर्ज करने पर, अभिनेत्री गहना वशिष्ठ ने दावा किया कि शिकायतकर्ता ने दो से तीन एडल्ट वीडियो में काम किया था। गहना वशिष्ठ ने पूछा, “यह कैसे संभव है कि उसे अलग-अलग लोगों द्वारा कई बार मजबूर किया गया और इसके लिए भुगतान किया गया?”

मामले में गहना वशिष्ठ के साथ व्यवसायी राज कुंद्रा की कंपनी के निर्माता भी शामिल हैं। बॉलीवुड अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी के पति राज कुंद्रा को अपराध शाखा ने 19 जुलाई को कथित तौर पर अश्लील फिल्में बनाने और उन्हें ऐप्स के जरिए प्रकाशित करने के मामले में गिरफ्तार किया था।

पिछले दिनों अरविंद श्रीवास्तव उर्फ यश ठाकुर ने दावा किया था कि राज कुंद्रा ने गिरफ्तारी से बचने के लिए क्राइम ब्रांच को 25 लाख रुपए की घूस दी थी। उसने खुद से भी रिश्वत माँगे जाने का दावा किया था। यश ठाकुर ने दावा किया था कि पुलिस पहले ही राज कुंद्रा को गिरफ्तार कर सकती थी, लेकिन इससे बचने के लिए उन्‍होंने क्राइम ब्रांच के अध‍िकारी को 25 लाख रुपए घूस दिए थे।

ठाकुर ने दावा किया कि इस मामले में उन्होंने मार्च में महाराष्ट्र एंटी करप्शन ब्यूरो से शिकायत भी की थी। उन्होंने इस बारे में एक ईमेल लिखा था, जिसमें उन्होंने कहा था कि क्राइम ब्रांच अधिकारी ने राज कुंद्रा से 25 लाख रुपए रिश्वत ली है। साथ ही उनसे भी घूस की माँग की गई।