यह बीमारी है, डॉक्टर को दिखाकर दवा लें; PM मोदी के कम सोने पर केजरीवाल का तंज

नई दिल्ली। दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी (आप) के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने पीएम नरेंद्र मोदी पर जमकर प्रहार किया है। राजधानी दिल्ली के जंतर-मंतर पर ‘मोदी हटाओ, देश बचाओ’रैली को संबोधित करते हुए केजरीवाल ने यह भी कहा कि मोदी को नींद नहीं आने की बीमारी है। उन्हें डॉक्टर को दिखाना चाहिए, दवा लेनी चाहिए। केजरीवाल ने कहा कि नींद नहीं आने की वजह से वह चिड़चिड़े रहते हैं और सबको जेल में डाल रहे हैं।

रैली को केजरीवाल के अलावा पंजाब के सीएम भगवंत मान, राज्यसभा सांसद संजय सिंह, दिल्ली के मंत्री गोपाल राय ने भी संबोधित किया। आम आदमी पार्टी ने ‘मोदी हटाओ देश बचाओ’ नाम से देशव्यापी अभियान चलाने की बात कही है। इसे अगले लोकसभा चुनाव तक जारी रखने की घोषणा की गई है। केजरीवाल की इस रैली को 2024 लोकसभा चुनाव के लिए कैंपेन के आगाज के तौर पर देखा जा रहा है। आम आदमी पार्टी केजरीवाल को मोदी के विकल्प के तौर पर पेश करने में जुटी है।