गुड्डू मुस्लिम करता था अतीक की बीवी से एकतरफा प्यार: सौतेले बेटे का खुलासा, पुलिस से बोला- मैं अपने अब्बा की हत्या कर देता

प्रयागराज/लखनऊ। उमेश पाल हत्याकांड के मुख्य आरोपित गुड्डू मुस्लिम के सौतेले बेटे आबिद ने नए खुलासे किए हैं। आबिद को पिछले सप्ताह पुलिस ने प्रयागराज में आधे दर्जन जिन्दा बम के साथ पकड़ा था। पूछताछ में आबिद ने बताया कि वह अपने अब्बा गुड्डू मुस्लिम की हत्या करने की फिराक में था। इस नाराजगी की वजह आबिद ने गुड्डू मुस्लिम द्वारा अतीक अहमद की बीवी शाइस्ता परवीन से की जाने वाली मोहब्ब्त को बताया है। आरोप है कि शाइस्ता के चलते गुड्डू मुस्लिम ने अपनी बीवी को धोखा दिया।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक पुलिस की पूछताछ में गुड्डू मुस्लिम के सौतेले बेटे आबिद ने बताया कि उसके अब्बा के अतीक अहमद के सम्पर्क में रहने की वजह शाइस्ता परवीन थी। बताया गया कि गुड्डू मुस्लिम काफी समय से शाइस्ता को पसंद करता था लेकिन यह मोहब्बत एकतरफा थी। हालाँकि अतीक अहमद के जीवित रहते गुड्डू मुस्लिम ने कभी अपनी चाहत को शाइस्ता के आगे जाहिर नहीं किया था। कुछ समय तक शाइस्ता की तरफ से कोई रिस्पॉस न मिलने पर गुड्डू मुस्लिम प्रयागराज छोड़ कर कहीं और चला गया था।

साल 2012 में गुड्डू फिर लौट कर प्रयागराज वापस आया। यहाँ वह चकिया इलाके में चाँदनी नाम की एक महिला के साथ रहने लगा। अतीक अहमद ने गुड्डू मुस्लिम के लिए चकिया इलाके में 3 मंजिला मकान भी बनवा दिया। गुड्डू ने चाँदनी के पहले पति से जन्मे बेटे आबिद के लिए चिकन शॉप खुलवाई थी जो उमेश पाल मर्डर के बाद बंद हो गई थी। इस बीच गुड्डू अतीक अहमद के लिए काम करता रहा। वर्ष 2017 में जब अतीक अहमद जेल गया तो गुड्डू मुस्लिम ने शाइस्ता के साथ मिल कर उसके आपराधिक साम्राज्य को संभाला। इस दौरान दोनों का मेल-जोल काफी बढ़ गया। यह नजदीकी गुड्डू की बीवी चाँदनी को रास नहीं आई। चाँदनी ने इस नजदीकी का विरोध शुरू किया।

बताया जा रहा है कि खुद को टोकने से नाराज गुड्डू मुस्लिम ने अपनी बीवी चाँदनी की कई बार पिटाई की। यह बात उसके सौतेले बेटे आबिद को अच्छी नहीं लगी। उसने कई बार बीच-बचाव किया और मन मसोस कर रह गया। कुछ समय बाद चाँदनी गुड्डू से अलग रहने लगी। इस वजह से आबिद के अंदर अपने सौतेले अब्बा गुड्डू के प्रति खुन्नस और बढ़ गई थी। इस बीच उमेश पाल हत्याकांड के बाद गुड्डू और शाइस्ता आरोपित किए गए। माना जा रहा है कि शाइस्ता ने पहले साबिर के साथ फरारी काटी फिर वह गुड्डू मुस्लिम के साथ रहने लगी। पुलिस को भी कई इनपुट इन दावों के समर्थन में मिले हैं।