2024 के सियासी समर के लिए केजरीवाल का एक और बड़ा कदम, AAP के दिल्ली प्रदेश संगठन में फेरबदल

2024 के सियासी समर के लिए केजरीवाल का एक और बड़ा कदम, AAP के दिल्ली प्रदेश संगठन में फेरबदलनई दिल्ली। आम आदमी पार्टी (AAP) ने लोकसभा चुनाव 2024 में दिल्ली की सभी सातों लोकसभा सीटों पर अपना खाता खोलने के लिए तैयारी शुरू कर दी है। दिल्ली की सात लोकसभा पर सीटों पर जीत हासिल करने के लिए संगठन स्तर पर नियुक्तियों का सिलसिला शुरू कर दिया है। जिससे अभी से संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करके बूथ स्तर पर पार्टी को मजबूत किया जा सके। राष्ट्रीय संगठन मंत्री संदीप पाठक खुद इन दिनों में दिल्ली में प्रदेश संगठन में बदलावों से लेकर पदाधिकारियों से बैठकों का दौर भी शुरू कर चुके हैं।

पार्टी ने बीते दो दिनों में पार्टी दिल्ली प्रदेश संगठन के स्तर पर कई घोषणाएं की हैं। पार्टी ने दिल्ली में पहली बार प्रदेश संगठन सचिव के पद 7 लोगों की तैनाती की है। इन्हें लोकसभावार जिम्मेदारी दी जाएगी, जिससे वह बूथ स्तर पर पार्टी को मजबूत करने में अहम भूमिका निभा सके। इसके अलावा पार्टी ने 14 जिलाध्यक्षों की नियुक्ति भी की है। इसमें पूर्व विधायक, पूर्व पार्षद को भी मौका दिया गया है। इसमें जातीय समीकरण का भी ध्यान रखा गया है। आम आदमी पार्टी संगठन के हिसाब से दिल्ली में 14 जिले बनाए हैं।

इसके अलावा पार्टी ने वार्ड स्तर पर पार्टी की पकड़ को मजबूत बनाने के लिए एक बार फिर राजेंद्र नगर से विधायक दुर्गेश पाठक को एमसीडी का प्रभारी बनाया है। उन्हें दोबारा यह जिम्मेदारी दी गई है क्योंकि पिछले नगर निगम चुनाव में भी एमसीडी का प्रभार उन्हें दिया गया था। पार्टी को निगम में सत्ता मिली थी। उनके ऊपर वार्ड स्तर पर पार्टी को मजबूत करने के साथ दिल्ली नगर निगम योजनाओं का लाभ लोगों को तक मिले उस पर भी निगरानी रखने की जिम्मेदारी होगी। वार्ड में बूथ स्तर पर पार्टी को मजबूत करना होगा।